बक्सर, 14 जनवरी 2026: मकर संक्रांति के पावन अवसर पर बक्सर में भगवान वामन चेतना मंच ने भव्य संगोष्ठी और उत्सव का आयोजन किया। नगर के बाइपास रोड स्थित एक निजी होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में बक्सर को धार्मिक एवं पर्यटन नगरी बनाने की मांग जोर-शोर से उठी। मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मृत्युंजय तिवारी की अध्यक्षता में हुए आयोजन का संचालन प्रमोद कुमार चौबे ने किया।

संगोष्ठी में प्रकाश पांडेय ने भूमिका रखते हुए बक्सर के पौराणिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बक्सर भगवान वामन की जन्मस्थली होने के साथ ही महर्षि विश्वामित्र की तपोस्थली, हनुमान जी का ननिहाल और माता अहिल्या के उद्धार का स्थल है। यहां पंचकोशी परिक्रमा और वार्षिक मेला लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। वक्ताओं ने एक स्वर में मांग की कि बक्सर को “भगवान वामन पंचकोशी कॉरिडोर” के रूप में विकसित किया जाए।

मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि बक्सर अभी भी विकास से अछूता है। भगवान वामन मंदिर का जीर्णोद्धार, गंगा कॉरिडोर निर्माण और पर्यटन सर्किट में शामिल करने से लाखों लोगों को रोजगार मिलेगा। वामन द्वादशी पर रथयात्रा को और भव्य बनाने के लिए संपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। देवस्थान एकादशी पर दीपोत्सव और मकर संक्रांति पर भगवान वामन भोग का कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की योजना पर सहमति बनी।
कार्यक्रम में समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य शिविर और पर्यावरण जागरूकता जैसे कार्यों पर भी चर्चा हुई। मंच के सदस्यों ने कहा कि बक्सर में सिद्ध संतों की विरासत को बचाने और जन-जन तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। आयोजन में दही-चूड़ा का भगवान वामन भोग प्रसाद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी, शाहपुर विधायक राकेश ओझा, पीतांबर जी महाराज, कृष्णानंद शास्त्री, रणधीर ओझा, वर्षा पांडे, आनंद पांडे, चुनमुन चौबे, मींटू उपाध्याय, दयानंद उपाध्याय, सरोज तिवारी, अभिषेक ओझा, कमलाकर ओझा, सुरेश मिश्रा, अखिलेश पांडे, कामेश्वर पांडे, डॉ. एसएन उपाध्याय, पियूष पांडे, सोनू तिवारी, राकेश दुबे, मनोज दुबे, धनंजय मिश्रा, चंदन उपाध्याय सहित सैकड़ों श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम उत्साह, एकता और बक्सर की धार्मिक विरासत को संरक्षित करने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ। मंच ने सभी से अपील की कि वे इस प्रयास में सहयोग करें ताकि बक्सर धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बने।
jansancharbharat.com पर पढ़ें ताजा एंटरटेनमेंट, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइस्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और हर खबर की अपडेट के लिए जनसंचार भारत को होम पेज पर जोड़ कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
Discover more from Jansanchar Bharat
Subscribe to get the latest posts sent to your email.









