कैमूर। राज्य कर विभाग (GST) ने बक्सर के चर्चित कपड़ा व्यवसायी लल्लू भाई मॉल के विभिन्न ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। टैक्स चोरी की गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे से शुरू हुई यह छापेमारी कैमूर के भभुआ, आरा और औरंगाबाद समेत चार शहरों में एक साथ चल रही है। इस कार्रवाई से व्यापारिक जगत में हड़कंप मच गया है। विभाग की विशेष टीम कई घंटों से दस्तावेजों, स्टॉक और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, राज्य कर उपायुक्त (मुख्यालय, पटना) कमलेश कुमार और भभुआ अंचल के संयुक्त आयुक्त अभय कुमार इस कार्रवाई की कमान संभाल रहे हैं। टीम में सतीश कुमार, उमेश कुमार और सहायक आयुक्त आशुतोष सहित मुख्यालय के कई वरीय अधिकारी शामिल हैं। अधिकारियों ने मॉल परिसर में रखे कंप्यूटर डेटा, स्टॉक रजिस्टर और वित्तीय लेन-देन से जुड़े अहम दस्तावेजों को जब्त कर लिया है।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मॉल प्रबंधन द्वारा वैल्यू एडिशन पर लगने वाले टैक्स में गड़बड़ी की आशंका है। साथ ही रेंट एग्रीमेंट जैसे महत्वपूर्ण कानूनी दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान कंप्यूटर से जुड़ी तकनीकी जानकारी देने में टालमटोल किया गया, जिससे टैक्स चोरी का शक और गहरा गया है। प्रतिष्ठान द्वारा केवल बिल और इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के माध्यम से टैक्स एडजस्टमेंट करने की कोशिश की जा रही थी, जिसकी भी जांच चल रही है।
यह भी पढ़ें
- भागलपुर: घोघा थाना क्षेत्र के चर्चित लूटकांड का बड़ा खुलासा, पुलिस ने एक और आरोपी गिरफ्तार किया, अब कुल 8 अपराधी जेल में

- चारधाम यात्रा 19 अप्रैल 2026 से शुरू, यमुनोत्री-गंगोत्री पहले खुलेगे; केदारनाथ 22 और बद्रीनाथ 23 अप्रैल को कपाट खुलेंगे

- बक्सर की अनूपा कुमारी ने बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा में तीसरा स्थान हासिल किया, 488 अंक पाकर जिले का नाम रोशन किया

भभुआ अंचल के संयुक्त आयुक्त अभय कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर लल्लू भाई मॉल के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई है। प्रारंभिक जांच में कई अनियमितताएं सामने आई हैं। मॉल प्रबंधन द्वारा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए हैं और कंप्यूटर डेटा छिपाने की कोशिश की जा रही थी। जांच पूरी होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई देर शाम तक जारी रही और आगे भी जांच चलने की संभावना है। विभाग ने मॉल प्रबंधन से सभी दस्तावेज और रिकॉर्ड तुरंत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। इस छापेमारी से व्यापारिक जगत में हलचल मची हुई है और कई व्यापारी इस कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं। राज्य कर विभाग ने कहा कि टैक्स चोरी के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जा रहा है और जांच पूरी होने पर उचित कार्रवाई होगी।
jansancharbharat.com पर पढ़ें ताजा एंटरटेनमेंट, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइस्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और हर खबर की अपडेट के लिए जनसंचार भारत को होम पेज पर जोड़ कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
Discover more from Jansanchar Bharat
Subscribe to get the latest posts sent to your email.









