बक्सर। बक्सर जिला क्रिकेट संघ (BDCA) द्वारा सीनियर, अंडर-23 एवं हेमन ट्रॉफी टीम के चयन हेतु आयोजित ट्रायल मैच का फाइनल मुकाबला 15 फरवरी 2026 को कथकौली स्थित जे.के. क्रिकेट ग्राउंड के टर्फ पिच पर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। पिछले दो दिनों से चल रहे इस ट्रायल के आधार पर कुल 40 खिलाड़ियों का चयन किया गया है।

ट्रायल के फाइनल दिवस पर चयनित 40 खिलाड़ियों को दो टीमों में विभाजित कर 40-40 ओवर का प्रतिस्पर्धात्मक मैच कराया गया। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार परिचय दिया। मैच में बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग के क्षेत्र में कई उभरते सितारों ने अपनी क्षमता दिखाई। चयन प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी और निष्पक्ष रही।

चयन समिति में नरेंद्र नाथ ओझा, अखिलेश उपाध्याय, आशुतोष अस्थाना, फराह अंसारी, संघ अध्यक्ष वर्षा पांडेय तथा उपाध्यक्ष विकास रंजन ओझा उपस्थित रहे। मैच में अंपायर की जिम्मेदारी राजीव कमल मिश्रा ने निभाई।
इन 40 खिलाड़ियों में से अंतिम 17 खिलाड़ियों की सूची बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) के फिक्स्चर जारी होने के बाद घोषित की जाएगी। साथ ही चयन समिति ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया कि चयनित खिलाड़ियों को अनुभवी कोच एवं फिटनेस ट्रेनर की देखरेख में विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता, फिटनेस और मानसिक मजबूती को और सशक्त बनाना है, ताकि आगामी लीग मैचों में जोन एवं राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित हो सके।
बक्सर जिला क्रिकेट संघ का उद्देश्य जिले में क्रिकेट को नई दिशा देना, युवाओं की प्रतिभा को सशक्त मंच प्रदान करना तथा उन्हें राज्य स्तर पर बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। संघ ने भविष्य में भी इसी प्रकार पारदर्शी एवं संगठित चयन प्रक्रिया के माध्यम से खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्धता जताई है।

ट्रायल मैच के सफल समापन के साथ ही संघ ने घोषणा की कि फरवरी 2026 के दूसरे पखवाड़े से जिला स्तर पर विभिन्न आयु वर्गों में लीग प्रतियोगिताएं शुरू की जाएंगी। यह लीग Under-16, Under-19, Under-23 और सीनियर (ओपन) वर्ग में आयोजित होगी। संघ ने सभी क्लबों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से सहयोग की अपील की है ताकि बक्सर का क्रिकेट राज्य स्तर पर मजबूत पहचान बना सके।
jansancharbharat.com पर पढ़ें ताजा एंटरटेनमेंट, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइस्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और हर खबर की अपडेट के लिए जनसंचार भारत को होम पेज पर जोड़ कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
Discover more from Jansanchar Bharat
Subscribe to get the latest posts sent to your email.















