बक्सर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय के ठीक सामने भगवान भोलेनाथ की बारात और शिव-विवाह का भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी यह कार्यक्रम बड़ी धूमधाम से संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने की।

कार्यक्रम के दौरान शिव-विवाह बारात में शामिल श्रद्धालुओं, साधु-संतों, सामाजिक प्रतिनिधियों और आगंतुकों को महादेव की कृपा के प्रतीक स्वरूप गमछा और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पूरे परिसर में भक्ति, श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक सौहार्द का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। बारात में भगवान शिव-पार्वती की झांकी को फूलों और सजावट से सजाया गया था। भक्तों ने हर हर महादेव के जयकारे लगाते हुए बारात का स्वागत किया।

डॉ. मनोज पांडे ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ केवल देवों के देव ही नहीं, बल्कि जन-जन के आराध्य, दानी और करुणामय हैं। उनकी बारात अलौकिक, अद्भुत और अविस्मरणीय होती है। आज जिस आस्था और भव्यता के साथ भोलेनाथ की बारात निकाली गई, उसने बक्सर के धार्मिक और सांस्कृतिक इतिहास में नया रंग भर दिया है।

डॉ. पांडे ने आगे कहा कि भोलेनाथ की बारात की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें बिना किसी भेदभाव के सभी जाति, धर्म, वर्ग और संप्रदाय के लोग एक साथ जुड़ते हैं। यह बारात सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सनातन संस्कृति की जीवंत मिसाल है, जहां हर व्यक्ति केवल एक श्रद्धालु बनकर भोले शंकर की भक्ति में लीन दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि शिव-विवाह और बारात जैसी परंपराएं समाज को जोड़ने का कार्य करती हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने की प्रेरणा देती हैं। आज के समय में जब समाज को जोड़ने की आवश्यकता है, तब महादेव की यह परंपरा हमें प्रेम, सहिष्णुता और एकता का संदेश देती है।

डॉ. मनोज पांडे ने भोलेनाथ की कृपा का स्मरण करते हुए कहा कि महादेव की अनुकंपा से ही मानव जीवन में संतुलन, शांति और सद्भाव बना रहता है। उन्होंने कामना की कि बाबा भोलेनाथ की कृपा बक्सर सहित पूरे देश पर बनी रहे और हम सभी को जनसेवा, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की शक्ति प्रदान करें।

कार्यक्रम के अंत में “हर हर महादेव” और “जय भोलेनाथ” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक प्रतिनिधि, श्रद्धालु और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
jansancharbharat.com पर पढ़ें ताजा एंटरटेनमेंट, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइस्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और हर खबर की अपडेट के लिए जनसंचार भारत को होम पेज पर जोड़ कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
Discover more from Jansanchar Bharat
Subscribe to get the latest posts sent to your email.









