बक्सर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने देश में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के साथ युवाओं में मजबूत नेतृत्व विकसित करने के लिए नेशनल टैलेंट हंट कार्यक्रम शुरू किया है। इसी कड़ी में बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी ने इस कार्यक्रम का जिला स्तर पर विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने की।

डॉ. मनोज पांडे ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल सत्ता की राजनीति नहीं करती, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती है। उन्होंने कहा कि आज बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की बदहाली और महिलाओं की असुरक्षा जैसी समस्याओं से देश जूझ रहा है। ऐसे समय में कांग्रेस जमीनी स्तर पर मजबूत, प्रशिक्षित और वैचारिक नेतृत्व तैयार कर रही है। नेशनल टैलेंट हंट कार्यक्रम गांव-गांव, टोला-टोला से ऐसे युवाओं और जागरूक नागरिकों को आगे लाने का माध्यम है जो जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठा सकें।

डॉ. पांडे ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रतिभा खोज से कहीं अधिक है। यह तानाशाही सोच के खिलाफ लोकतांत्रिक संघर्ष का प्रशिक्षण केंद्र है। यहां युवाओं को राजनीतिक समझ, वैचारिक स्पष्टता और जनसंवाद की ताकत दी जाएगी, ताकि वे जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर जनता के सवाल बेखौफ उठा सकें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम पूरी तरह पारदर्शी और समावेशी है। इसमें जाति, वर्ग, धर्म या क्षेत्र के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होगा। समाज के हर वर्ग को समान अवसर मिलेगा।
अध्यक्ष ने केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि बेरोजगारी ऐतिहासिक स्तर पर है, किसान आत्महत्या को मजबूर हैं, महिलाएं असुरक्षित हैं और महंगाई आम आदमी की थाली से रोटी छीन रही है। सरकार सवालों से भाग रही है और आवाज उठाने वालों को डराने का काम कर रही है। ऐसे समय में बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी जनता के साथ खड़ी है और सशक्त नेतृत्व तैयार कर अन्याय के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगी।
यह भी पढ़ें
- भागलपुर: घोघा थाना क्षेत्र के चर्चित लूटकांड का बड़ा खुलासा, पुलिस ने एक और आरोपी गिरफ्तार किया, अब कुल 8 अपराधी जेल में

- चारधाम यात्रा 19 अप्रैल 2026 से शुरू, यमुनोत्री-गंगोत्री पहले खुलेगे; केदारनाथ 22 और बद्रीनाथ 23 अप्रैल को कपाट खुलेंगे

- बक्सर की अनूपा कुमारी ने बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा में तीसरा स्थान हासिल किया, 488 अंक पाकर जिले का नाम रोशन किया

डॉ. मनोज पांडे ने बक्सर जिले के युवाओं, छात्रों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान से जुड़ें और कांग्रेस की जनपक्षधर विचारधारा को गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की अंतिम मजबूत दीवार है। इस कार्यक्रम के माध्यम से बक्सर में नई राजनीतिक चेतना, नई ऊर्जा और बदलाव की मजबूत नींव रखी जाएगी।

कार्यक्रम में संजय कुमार पांडे, संजय कुमार दुबे, रोहित उपाध्याय, श्रीमती कुमकुम देवी, त्रियोगी नारायण मिश्रा, महेंद्र चौबे, विकास कुमार विकास, अजय यादव, राकेश यादव सहित कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।
jansancharbharat.com पर पढ़ें ताजा एंटरटेनमेंट, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइस्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और हर खबर की अपडेट के लिए जनसंचार भारत को होम पेज पर जोड़ कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
Discover more from Jansanchar Bharat
Subscribe to get the latest posts sent to your email.









