बक्सर, 28 दिसंबर 2025: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय परिसर में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे द्वारा ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद कांग्रेस पार्टी के आदर्शों को समर्पित जनसभा का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

जनसभा को संबोधित करते हुए डॉ. मनोज पांडे ने कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1885 में ए.ओ. ह्यूम के नेतृत्व में दादाभाई नौरोजी, फिरोजशाह मेहता, बदरुद्दीन तैयबजी जैसे महान चिंतकों और राष्ट्रभक्तों ने कांग्रेस की स्थापना की थी। इसका मूल उद्देश्य देशवासियों को एक मंच पर लाकर अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष करना, सामाजिक समानता स्थापित करना और सभी जाति-धर्म के लोगों को साथ लेकर आजादी की राह पर ले जाना था।
डॉ. पांडे ने कहा कि कांग्रेस स्वतंत्रता संग्राम की धुरी रही। महात्मा गांधी के नेतृत्व में अहिंसा और सत्याग्रह से आजादी की लड़ाई जन-जन का आंदोलन बनी। पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, सुभाष चंद्र बोस, डॉ. राजेंद्र प्रसाद जैसे नेताओं ने देश की आजादी और एकता के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया। आजादी के बाद कांग्रेस ने लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत किया। संविधान निर्माण, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय, पंचायती राज, हरित क्रांति, औद्योगिक विकास, सार्वजनिक क्षेत्र की स्थापना, शिक्षा और विज्ञान में क्रांतिकारी कार्य कांग्रेस की देन हैं।

उन्होंने इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के नेतृत्व में आत्मनिर्भरता, राष्ट्रीय सुरक्षा और आधुनिक तकनीक के नए आयामों का भी उल्लेख किया। डॉ. पांडे ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा नौजवानों, किसानों, मजदूरों, गरीबों, महिलाओं और पिछड़े वर्गों की आवाज बुलंद की है। देश की एकता के लिए अनगिनत कुर्बानियां दी हैं और सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। आज जरूरत है कि कार्यकर्ता कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करें।
मुख्य अतिथि डॉ. प्रमोद ओझा ने कहा कि यह कार्यक्रम सराहनीय है। कांग्रेस की नीतियां और सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी को मजबूती देनी चाहिए और जनता के मुद्दों पर संघर्ष करना चाहिए। किसान कांग्रेस अध्यक्ष संजय कुमार पांडे और वरिष्ठ नेता भोला ओझा ने महिला सशक्तिकरण को सम्मानित किया। सभी ने पूर्वजों की कुर्बानियों को प्रेरणा मानकर सशक्त और समावेशी भारत बनाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में कामेश्वर पांडेय, भोला ओझा, संजय कुमार पांडे, रोहित उपाध्याय, श्रीमती निर्मला देवी, संजय कुमार दुबे, आपसा परवीन, पिंकी कुमारी, त्रिजोगी नारायण मिश्रा, शबनम खातून, सुनील पांडे, अकबरी खातून, आबिदा खातून, राकेश यादव, बब्बन तुरहा, राजू यादव, रशीदा खातून, महेंद्र चौबे सहित सैकड़ों कार्यकर्ता, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस के सदस्य और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह उत्साह, एकता और संगठन मजबूती के संकल्प के साथ संपन्न हुआ। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के सिद्धांतों पर चलकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का वादा किया। यह आयोजन पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने वाला रहा।
jansancharbharat.com पर पढ़ें ताजा एंटरटेनमेंट, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइस्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और हर खबर की अपडेट के लिए जनसंचार भारत को होम पेज पर जोड़ कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
Discover more from Jansanchar Bharat
Subscribe to get the latest posts sent to your email.









